कुल्लू अपडेट, देवभूमि क्षत्रिय संगठन व स्वर्ण मोर्चा 9 मई को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में महाराणा प्रताप जयंती पर महासम्मेलन का आयोजन करेगा। महाराणा प्रताप जयंती को यादगार बनाने के लिए देवभूमि क्षत्रिय संगठन व स्वर्ण मोर्चा द्वारा ये सम्मलेन आयोजित किया जा रहा है। जिसको लेकर देवभूमि क्षत्रिय संगठन व स्वर्ण मोर्चा के अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने कुल्लू जिला मुख्यालय में प्रेस क्लब भवन में पत्रकार वार्ता की और उन्होंने नाहन चौगान मैदान में होने वाले महासम्मेलन की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस महासम्मेलन का मुख्य उद्देश्य स्वर्ण आयोग का गठन है और इस स्वर्ण आयोग को पूर्ण रुप से लागू करवाने के लिए ये महासम्मेलन किया जा रहा है। इस महासम्मेलन में हर विधानसभा से 5-5 हजार लोगों को आमंत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में करीब एक लाख लोगों को एकत्रित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि इस महासम्मेलन में शिरकत कर सकते हैं। वहीं इसमें हिमाचल प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्री और विधायक भी शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सभी राजपूत सभाएं, ब्राह्मण सभाएं व वैश्य सभाओं को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम के दौरान यहां महायज्ञ का भी आयोजन किया जा रहा है। जिसमें स्वर्ण समाज के उत्थान की कामना की जाएंगी। वहीं उन्होंने कहा कि आज तक किसी भी मुख्यमंत्री का ऐसा स्वागत नहीं हुआ होगा जैसा 9 मई के दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी का नाहन क्षेत्र के अंदर किया जाएगा। वह जहां से चलेंगे वहां से संगठन के कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में हर प्रकार से उनका भव्य स्वागत करेंगे। देश की कुछ जानी-मानी हस्तियां जो राजपूत समाज और ब्राह्मण समाज के चेहरे हैं और जो देश भर में जुड़े हैं उनको भी इस समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।



