कुल्लू अपडेट, वॉट्सऐप दुनियाभर में सबसे ज्यादा यूज होने वाला इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप है। वैसे तो वॉट्सऐप वेब की मदद से एक ही अकाउंट को फोन और PC दोनों में यूज कर सकते हैं, लेकिन अब ये फीचर स्मार्टफोन के लिए भी मिलेगा। इस फीचर का लोगों को काफी लंबे वक्त से इंतजार था। अब वॉट्सऐप ने अपने प्लेटफॉर्म पर ये फीचर जोड़ दिया है। हम बात कर रहे हैं मल्टीपल डिवाइस सपोर्ट की या फिर कम्पैनियन मोड की। इस फीचर की मदद से आप एक ही वॉट्सऐप अकाउंट को चार स्मार्टफोन्स में यूज कर सकते हैं। मेटा के सी.ई.ओ मार्क जुकरबर्ग ने इस फीचर का ऐलान किया है। इस फीचर के बारे में उन्होंने फेसबुक और इंस्टाग्राम दोनों प्लेटफॉर्म्स पर जानकारी दी है। मार्क ज़ुकरबर्ग ने बताया कि आज से आप एक ही वॉट्सऐप अकाउंट को चार स्मार्टफोन्स में लॉगइन कर सकते हैं।
वैसे तो कंपनी इस फीचर को साल 2021 से ही वॉट्सऐप बीटा पर टेस्ट कर रही थी लेकिन कुछ दिनों पहले ही इस फीचर को वॉट्सऐप बीटा यूजर्स के लिए लांच किया गया था। कंपनी की मानें तो वॉट्सऐप का नया फीचर कुछ हफ्तों में सभी यूजर्स तक पहुंच जाएगा इस फीचर को यूज करने के लिए आपको सबसे पहले सेकेंडरी फोन में वॉट्सऐप इंस्टॉल करना होगा। वॉट्सऐप ओपन करने पर आपको ऊपर दिख रहे हैमबर्गर मेन्यू पर क्लिक करना होगा। यहां आपको Link to Existing Account का ऑप्शन मिलेगा। इस पर क्लिक करते ही आपके सामने एक QR Code आ जाएगा। अब आपको अपने प्राइमरी फोन में वॉट्सऐप ओपन करना होगा और लिंक डिवाइसेस के ऑप्शन पर जाना होगा। अब सेकेंडरी फोन पर दिख रहे QR Code को आपको प्राइमरी फोन से स्कैन करना होगा। इस तरह से आप दोनों ही स्मार्टफोन्स पर एक ही वॉट्सऐप अकाउंट को यूज कर सकेंगे। इस नए अपडेट की मदद से यूजर्स अपने मैसेज और चैट्स को सभी डिवाइसेस में सिंक कर सकेंगे। इसका मतलब है कि वॉट्सऐप यूजर्स को अपना अकाउंट एक्सेस करने के लिए अब हमेशा प्राइमरी डिवाइस को साथ रखने की जरूरत नहीं होगी। अच्छी बात ये है कि वॉट्सऐप का ये फीचर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ आता है यानी कि आप चार डिवाइस में अपने अकाउंट को यूज भी कर सकेंगे और एन्क्रिप्शन भी बना रहेगा।
Author: Kullu Update
Post Views: 32



