कुल्लू अपडेट : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौतम ठाकुर ने एनएचएआई को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कुल्लू से मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर काम युद्धस्तर पर शुरू नहीं हुआ तो घाटी के बागवान, किसान, व्यापारी और पर्यटन कारोबारियों को मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि एनएचएआई के अधिकारी अपने काम से प्रति बिल्कुल गंभीर नहीं दिखे रहे। कुल्लू प्रशासन द्वारा रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक यातायात को एनएचएआई के निवेदन पर ही बंद किया था, ताकि रात के समय काम करने में किसी भी तरह की कोई रुकावट ना आए।इन पांच रातों में किसी भी तरह का काम होता नहीं दिखा तो मजबूरन कुल्लू प्रशासन को रात के समय वाहनों की आवाजाही को पुनः बहाल करना पड़ा।
ठाकुर ने कहा कि अधिकारियों के उदासीन रवैए के चलते कुल्लू घाटी का बागवान और लाहौल स्पीति के किसान घबराये हुएं हैं कि किस तरह से सेब और आलूओं को मंडियों तक पहुंचाया जायेगा?
मनाली के होटल व्यवसायी तथा पार्षद बलवीर सिंह, प्रेम चंद प्रेमी,महेंद्र पाल तथा राजिन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि यदि इसी गति से राष्ट्रीय उच्च मार्ग काम चलता रहा तो अगले वर्ष भी पर्यटक मनाली की ओर रुख़ नहीं करेगा। मनाली शहर के होटल कारोबारी तथा व्यापारी जितेन्द्र शर्मा, संजीव ठाकुर, सुरेश लारजे, अनिल जोगी, राकेश सोनी तथा कुवेर अवस्थी ने कहा कि केंद्र सरकार तुरंत वोल्वो बसों को मनाली तक लाने की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करें।
कांग्रेस नेता गौतम ठाकुर ने कहा कि माननीय केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी ने स्वयं घाटी के बाढ़ के नुकसान का आंकलन करते हुए कहा था कि कुल्लू मनाली के पर्यटन को फिर से खड़ा करने में, वह पैसों कि किसी भी तरह की कमी नहीं आने देंगे।मगर अधिकारियों के अड़ियल रवैए से घाटी का बागवान तथा पर्यटन व्यवसायी निःशब्द है।




