आस्था अपडेट , हमारे भारत देश में हर पर्व हर त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है हिन्दू धर्म में पर्व तो कई मनाए जाते हैं, लेकिन गणेश उत्सव का अपना अलग ही महत्व होता है. ये पर्व भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर भगवान गणेश के जन्मोत्सव को लेकर मनाया जाता है. 10 दिन चलने वाले इस पर्व पर गौरी पुत्र गणेश की घर-घर में स्थापना की जाती है. इन दिनों भक्त गणपति की लगातार 10 दिन तक पूरे विधि विधान से पूजा करते हैं. इसके बाद अनंत चतुर्दशी पर गणेश जी की मूर्ति का विसर्जन कर उन्हें विदा किया जाता है. माना जाता है कि गणपति बप्पा को गणेश चतुर्थी पर अपने घर में विराजमान करने से समस्त बाधाएं दूर होती हैं.
तिथि को लेकर क्या है कन्फ्यूजन?
हिन्दू पंचांग के अनुसार, भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि 18 सितंबर, सोमवार की दोपहर 12 बजकर 39 मिनट से लेकर 19 सितंबर, मंगलवार की दोपहर 01 बजकर 43 मिनट तक रहेगी. अब चतुर्थी तिथि 2 दिन होने से गणेश चतुर्थी पर्व को मनाने को लेकर असमंजस की स्थिति थी. लेकिन अब स्थिति साफ है कि गणेश उत्सव की शुरुआत 19 सितंबर को ही होगी. वहीं, गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजकर 01 मिनट से शाम 01 बजकर 28 मिनट तक रहेगा.




