कुल्लू अपडेट ,नव गठित भाजपा मंडल बंजार की एक विशेष बैठक शुक्रवार को लारजी पंचायत हाल में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता बंजार भाजपा मंडल अध्यक्ष परमानंद ठाकुर ने की। बैठक में मंडी संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी एव्ं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल भाजपा जिला अध्यक्ष अरविंद चन्देल एवं बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की गई और आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। बैठक में विशेषतौर पर 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक प्रदेश भाजपा द्वारा हर मंडल व हर बूथ स्तर चलाए जाने वाले सेवा पखबाड़ा की सफलता के लिए रूपरेखा तैयार की गई और कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारियाँ भी सौंपी गई। बैठक की कार्यवाही का संचालन मंडल महामन्त्री अमर ठाकुर ने किया। बैठक में विधायक सुरेंद्र शौरी ने नव गठित मंडल को संबोधन में कहा कि 17 सितंबर को देश के यशस्वी प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस से लेकर 2 अक्तूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती तक के पखवाड़े को भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश में हर मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक ‘सेवा पखबाड़ा’ के तौर पर मनाया जा रहा है, जिसके तहत 17 सितम्बर को देश के प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी अपने जन्म दिवस पर 1500 करोड़ रु की विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ करेंगे। जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता इस योजना से लाभांवित होने वाले लुहार,सुनार,बढ़ई, मिस्त्री तथा दर्जी सहित अन्य दस्तकारों को योजना के बारे में जागरूक करेंगे। जबकि 18 सितम्बर को पूरे प्रदेश भर में मण्डलस्तर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा तो वहीं 19 सितम्बर से 22 सितम्बर तक गरीब लोगों को 5 लाख तक के स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रधानमन्त्री द्वारा चलाई गई आयुष्मान भारत योजना को धरातल तक ले जाने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर गरीब लोगों को इस योजना से जोड़ेंगे। 23 व 24 सितम्बर को पार्टी द्वारा हर मण्डल स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जायेगा। जबकि 25 सितम्बर को पं. दीनदयाल जी की जयन्ती पर हर बर्ष की भाँति विशेष आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के उपलक्ष पर पार्टी द्वारा मण्डल व बूथ स्तर पर गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए स्वच्छता अभियान छेड़ा जायेगा और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जायेगा। नव गठित मंडल की टीम को विधायक शौरी ने एकजुटता व समर्पण का मन्त्र देते हुए अगामी रणनीति पर एकनिष्ठ होकर कार्य करने की बात कही।





