कुल्लू अपडेट,हिमाचल प्रदेश की एनसीसी एयरविंग यूनिट को अब चार एसोसिएट एनसीसी ऑफ़िसर मिले । भारतीय रक्षा मंत्रालय द्वारा देशभर के स्कूलों व कॉलेज के विद्यार्थियों को नैशनल कैडेट कोर के तहत तीनों सेनाओं की ट्रेनिंग देने के लिए जहां अलग-अलग यूनिट में सेना के इंस्ट्रक्टर प्रशिक्षण देते हैं वहीं एनसीसी से संबंधित संस्थानों में एसोसिएट एनसीसी ऑफ़िसर (एएनओ) भी कैडेट को एनसीसी से संबंधित शिक्षण व प्रशिक्षण करवाते हैं । कुल्लू के हाथीथान स्थित 01 एचपी एयर स्क्वार्डन एनसीसी के कमांडिंग ऑफ़िसर ग्रुप कैप्टन एस के शर्मा ने बताया कि एनसीसी महानिदेशालय दिल्ली के आदेशानुसार एयरविंग यूनिट की ओर से हिमाचल के चार एनसीसी केयरटेकर को तमिलनाडु के एयरफोर्स स्टेशन ताम्बरम में 10 जुलाई से 3 सितंबर तक दो माह के प्रशिक्षण के लिए भेजा था जिसमें सीसे स्कूल पनारसा के करण ठाकुर, पंडोह के कमल, सैंज के मनोज शर्मा तथा केंद्रीय विद्यालय सैंज के रोशन लाल ने भारतीय वायुसेना, एयरक्राफ़्ट संरचना, फ्लाईट के सिद्धांत, एयरफील्ड का विजिट, ऐरोमॉडलिंग, फ्लाईंग, ड्रिल, पीटी व परेड, शस्त्र प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन, रेंज फाईरिंग, तथा बाधा प्रशिक्षण का अध्ययन किया । उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण व शिक्षण के परिणाम में सफलता मिलने के बाद चारों एएनओ को एनसीसी थर्ड ऑफ़िसर का कमीशनप्राप्त रैंक तथा प्रमाण-पत्र मिला, जो हिमाचल एयरविंग यूनिट के लिए गौरव की बात है तथा स्कूलों में अब एनसीसी और अधिक सुदृढ होगी । यूनिट हैड क्वार्टर पहुंचने पर जहां चारों एसोसिएट एनसीसी ऑफ़िसर ने कमांडिंग ऑफ़िसर को अपनी रिपोर्ट सौंपी वहीं ग्रुप कैप्टन एस के शर्मा ने चारों एसोसिएट एनसीसी ऑफ़िसर को बधाई देते हुए स्कूलों में एनसीसी को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया । बता दें कि हिमाचल में एनसीसी एयरविंग में अभी तक सीनियर डिवीजन व जूनियर डिवीजन में सिर्फ़ दो-दो एएनओ हैं तथा वर्तमान प्रशिक्षण के बाद जूनियर डिवीज़न में कुल छः एएनओ हैं । ऊधर नवनियुक्त ऑफ़िसर ने इस उपलब्धि का श्रेय ग्रुप कैप्टन एस के शर्मा व अपने स्कूल प्रमुखों को दिया । इस अवसर पर जूनियर वॉरन्ट ऑफ़िसर राकेश समन्होत्रा, जूनियर वॉरन्ट ऑफ़िसर एम डबल्यू रहमान, एच के यादव, सार्जेंट ऋषि, कॉर्पोरल अभिषेक कुमार, केयरटेकर सुमन पंडित व हेमी ठाकुर आदि उपस्थित रहे ।




