Search
Close this search box.

कुल्लू दशहरा महोत्सव की भव्य झलक प्रदान करने के लिए कर्टन रेजर टीज़र जारी

कुल्लू अपडेट,हिमाचल प्रदेश सरकार और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के संयुक्त तत्वावधान में आज नई दिल्ली में ‘भारत अंतर्राष्ट्रीय नृत्य और संगीत महोत्सव’ के 9वें संस्करण और अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव-2023 को समर्पित एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मुख्य संसदीय सचिव पर्यटन,वन,ऊर्जा व परिवहन एवं अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर अंतराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव की भव्य झलक प्रदान करने के लिए कर्टन रेजर टीज़र और एक पुस्तिका जारी की।

सुंदर सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते बताया कि 17वीं शताब्दी से चला आ रहा अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव इस वर्ष 24 से 30 अक्टूबर तक कुल्लू में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समारोह प्रसिद्ध रघुनाथ जी की रथ यात्रा के साथ शुरू होगा और 300 से अधिक स्थानीय देवता इस विशाल कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि उत्सव का मुख्य आकर्षण 25 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय कल्चरल परेड और 30 अक्टूबर को कुल्लू कार्निवाल का आयोजन होगा।

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण है। उन्होंने कहा कि रूस, इज़राइल, रोमानिया, कजाकिस्तान, क्रोएशिया, वियतनाम, थाईलैंड, ताइवान, पनामा, ईरान, मालदीव, मलेशिया , केन्या, दक्षिण सूडान, ज़ाम्बिया, घाना और इथियोपिया सहित लगभग 20 देशों के सांस्कृतिक दल भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महोत्सव को एक वैश्विक आयोजन बनाने के लिए प्रयास कर रही है और उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार की कड़ी मेहनत और गंभीर प्रयासों के कारण आज हिमाचल प्रदेश पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के बाद प्रदेश सरकार द्वारा आपदा से निपटने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से कुल्लू तक यात्रा का समय छह घंटे से घटाकर चार घंटे कर दिया गया है और कहा कि पंद्रह में से 13 सुरंगें खुली हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए अमृतसर, चंडीगढ़ और दिल्ली से कुल्लू के लिए उड़ानें संचालित की जा रही हैं।

उप महा निदेशक भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद अनु रंजन ने दशहरा उत्सव में प्रदर्शन करने वाले सांस्कृतिक दलों और आईसीसीआर द्वारा प्रदान किए जा रहे सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सहायक आयुक्त शशि पाल नेगी ने सभी गणमान्य का स्वागत किया और अंतराष्ट्रीय दशहरा की तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

विभिन्न दूतावासो के विशेष अतिथि, नंदिता गुप्ता, सलाहकार, हिमाचल प्रदेश सरकार, सुशील कुमार सिंगला प्रधान आवासीय आयुक्त ,सयुंक्त निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क पीएचएस मालनी व अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज