Search
Close this search box.

आपदा के समय दाल की क़ीमतें बढ़ाकर लोगों को दुःख दे रही है सरकार: जयराम ठाकुर

हिमाचल अपडेट:नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार सुख का नारा देकर प्रदेश के लोगों को दुःख देने का काम कर रही है। पूरा प्रदेश आपदा के दौर से गुजर रहा है और सरकार हर चीज के दाम बढ़ा कर लोगों को परेशान कर रही हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा किकांग्रेस सरकार ने डिपुओं पर मिलने वाले राशन की क़ीमतों में भी भारी इज़ाफ़ा कर दिया है। चने की दाल जो 22 रुपये में मिल रही है उसका दाम लगभग दुगुना कर दिया है। अब यह दाल प्रदेश के लोगों को 38 रुपये में मिलेगी। यह सरकार की मनमानी है। बीजेपी सरकार के इस कदम का विरोध करेगी। यह बातें नेता प्रतिपक्ष ने अपने लाहौल दौरे के दौरान कही। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आपदा की वजह से प्रदेश के लोग परेशान हैं। हज़ारों लोगों का सब कुछ नष्ट हो गया है। आपदा की वजह से प्रदेश की बड़ी आबादी प्रभावित हैं। ऐसे में सरकार को राहत देने की दिशा में कदम उठाने चाहिए न कि चीजों को महंगा करके प्रदेश के लोगों को और परेशान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस आई है आये दिन किसी न किसी प्रकार से महंगाई बढ़ाकर लोगों की दुःख दे रही है। सरकार में आते ही डीज़ल का दाम बढ़ा दिया था। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आपदा आने के बाद भी कांग्रेस की सुक्खू सरकार का यह रवैया क़ायम है। वह आए दिन किसी न किसी प्रकार लोगों को महंगाई से परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि आपदा के बाद सरकार ने डीजल के दाम बढ़ा दिए, बिजली के दाम बढ़ा दिये, सीमेंट और स्टील के दाम बढ़ा दिये। उद्योगों को दी जाने वाली बिजली के दाम भी बढ़ा दिये। जिसका असर पूरे प्रदेश पर पड़ा। हर चीजें महंगी हुई। आपदा से जूझ रहे लोगों के लिए हर चीज़ें महंगी कर देना सरकार द्वारा किया जाने वाला अमानवीय कृत्य है। सरकार आपदा में राहत की जगह लोगों को महंगाई का दर्द दे रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार को कोई भी निर्णय लेते वक़्त आपदा प्रभावित प्रदेश के लोगों का ध्यान रखना चाहिए।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज