कुल्लू अपडेट , पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शनिवार देर शाम कुल्लू पहुंच कर भगवान रघुनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रशासन द्वारा देवी-देवताओं के स्थान को मनमाने ढंग से बदलने को दुर्भाग्यपूर्ण कहा। इस दौरान जयराम ठाकुर कुल्लू मेला ग्राउंड अग्निकांड के पीड़ित देवलुओं से मिले और उनका हाल चाल जाना। इसके बाद वह कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल गये और अग्निकांड के घायल श्रद्धालुओं से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना। नेता प्रतिपक्ष ने अग्निकांड पर दुःख जाहिर करते हुए सभी पीड़ितों को हिम्मत दी और घायलों के जल्दी से स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
कुल्लू पहुंचे नेता प्रतिपक्ष ने कहा की देवी देवताओं के लिए जो व्यवस्था बनी है। वह बहुत पुरानी है। इसलिए उसमें कोई बड़ा परिवर्तन नहीं करना चाहिए। यदि कोई परिवर्तन करना बहुत आवश्यक है तो वह मनमाने ढंग से नहीं किया जा सकता। ऐसे फ़ैसले देवताओं से आज्ञा लेकर सर्व सम्मति से ही किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में देव संस्कृति के प्रति कोई सम्मान नज़र नहीं आता है । सरकार बनती बिगड़ती रहती है, देव संस्कृति पहले भी थी और आगे भी रहेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि सदियों से सैकड़ों की संख्या में देवी-देवता इस मेले में आते रहे हैं। हज़ारों की संख्या में लोग देवी देवताओं से आशीर्वाद लेने आते हैं। कुल्लू दशहरा का सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। इसलिए सरकार मनमानी करने से बाज आए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वह भगवान रघुनाथ के दर्शन के लिए आए हैं। भगवान के आदेश से ही पिछली बार के दशहरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे थे। इस अवसर पर उनके साथ बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी,आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित सूद,जिला अध्यक्ष अरविंद चंदेल,जिला महामंत्री अमर ठाकुर,जिला उपाध्यक्ष तरुण विमल,जिला प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज,जिला मीडिया प्रभारी श्याम कुल्वी,सहित विभिन्न मोर्चे के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




