कुल्लू अपडेट,आनी विधान सभा क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। पर्यटन सहित अन्य विभागों की योजनाओं और परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से सिरे चढाया जाएगा। आनी के सिराज उत्सव के शुभारंभ मौके पर मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र के साथ साथ पूरे जिला कुल्लू में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिह सुक्खू की अगुआई में प्रदेश सरकार सभी तबकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में आई आपदा के पश्चात प्रदेश सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आपदा प्रभावित लोगों के लिए राहत राशि में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की है। आनी में भी इसके तहत सैंकडों परिवारों को राहत पहुंचाई गई है। सीपीएस ने कहा कि जलोड़ी और रघुपुर क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन स्थल है । उन्होंने आश्वासन दिया कि इस स्थान पर पूर्व में कारोबार कर रहे लोगों को फिर से रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बागा सराहन से बश्लेओ को जल्द सड़क मार्ग से जोड़ने और इस सड़क मार्ग पर इलेक्ट्रिक कार्ट चलाकर पर्यटन को बढ़ावा देने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने आनी में 30 लाख का नेचर पार्क पर तुरंत कार्य शुरु करने के निर्देश दिए। मेला कमेटी ने सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर को सम्मानित भी किया।
इससे पूर्व उन्होंने विभिन्न स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने नगर पंचायत निरमंड के प्रतिनिधिमंड़ल को 58 लाख की लागत से कच्चे ढारों को पक्के बनाने की योजना पर आगामी करवाई करने का आशवासन दिया। इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र में लकड़ी का डिपो खोलने का आश्वासन भी उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को दिया। इसके अलावा नगर पंचायत का कार्यालय निर्माण और अंबेडकर भवन के मरम्मत कार्य करने की मांग भी नगर पंचायत के सदस्य ने उनके समक्ष उठाई। सीपीएस ने मेले में शिरकत कर रहे शमशरी महादेव, पनेऊ नाग और कुलछेत्र महादेव ओलवा का आर्शीवाद भी प्राप्त किया। उन्होंने मेले में प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को 30 हजार और मेला कमेटी को 51हजार रूपए देने की घोषणा की। उन्होंने मेला कमेटी को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। बीसीसी अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने सीपीएस का स्वागत किया तथा नगर पंचायत आनी को पुनः अधिसूचित करने, राजा रघुवीर सिंह स्टेडियम को दुरुस्त करने सहित विभिन्न स्थानीय मांगों को उनके समक्ष प्रस्तुत किया। एनएसयुआई की आनी कॉलेज कैंपस की ओर से अध्यक्ष राहुल ठाकुर ने कॉलेज की विभिन्न मांगों से उनको अवगत करवाया। इस मौके पर उनके साथ जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सेस राम आजाद,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा, एसडीएम आनी नरेश कुमार वर्मा, बीडीओ आनी अमनदीप सिंह, डीएसपी चंद्रशेखर कायथ, मेला कमेटी के विभिन्न पदाधिकारी एवं सदस्य सहित अधिकारी कर्मचारी और स्थानीय लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।




