Search
Close this search box.

औट-बंजार, लूहरी उच्च मार्ग की दशा सुधारने व ट्रैफ़िक की समस्या के प्रति प्रदेश सरकार उदासीन : शौरी

कुल्लू अपडेट ,बंजार नगर में ट्रैफ़िक जाम की समस्या कोई नई बात नहीं है पिछले लगभग दो दशकों से तंग सड़क मार्ग के कारण पूरे बंजार क्षेत्र की जनता घंटों जाम की समस्या से दो-चार होती आ रही है। बरसात से बीती त्रासदी के बाद अब यह समस्या और भी विकट हो गई है। भूस्खलन का मलवा व सड़क में गड्ढों की तादाद से सुचारू ट्रैफ़िक चला पाना वाहन चालकों व पुलिस के लिए मुसीबत बन चुका है। वीकेंड पर घंटों जाम से बंजार की जनता हताश व आक्रोशित है। बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार इस सड़क की दशा को अनदेखा कर रही है व इसकी दशा सुधारने के लिए उदासीन रवैया अपनाए हुए है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग के तौर पर औट- बंजार, लूहरी सड़क मार्ग को विकसित होते अभी काफ़ी समय लग सकता है। अभी दूसरे व तीसरे चरण की सड़क निर्माण डीपीआर तैयार की जानी है व स्वीकृति के लिए अग्रप्रेषित की जानी है। ऐसे में इस मुख्य सड़क मार्ग को दुरुस्त रखने के लिए सरकार को अतिरिक्त उपायों पर ध्यान देना चाहिए। राज्य स्तर पर दस्तावेजी औपचारिकताओं को पूरा करने में भी विभाग बड़ी लचर कार्यप्रणाली अपनाए हुए है। पूर्व सरकार में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बड़े अथक प्रयासों व भू अधिग्रहण के बाद बंजार वाईपास का निर्माण शुरू किया गया था। परन्तु वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इसके निर्माण कार्य को ठंडे बस्ते में डालकर पूरे क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर कुठाराघात किया है। सरकार बनने से लेकर अब तक बाइपास निर्माण का कार्य बंद है। इसके अतिरक्त बरसात के बाद से जगह जगह हुए भूस्खलन व पुनर्निर्माण का मलवा सड़क पर ही पड़ा है व सड़क की दशा दयनीय हो गई है। सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए उपायों व सुझावों से विभाग को बार बार अवगत किया गया है पर विभाग भी सरकार की चुप्पी के कारण हाथ बांधे तमाशा देख रहा है। आगामी त्योहारों के मौक़ों से पूर्व सरकार को इस सड़क मार्ग की सुध लेनी चाहिए ताकि बंजार घाटी में आपदा के बाद पुन: पनप रहे पर्यटन को भी आसानी हो और इस मार्ग पर सफर करने वाली जनता को सुविधा प्राप्त हो। सरकार में क्षेत्र से प्रतिनिधियों को इस विषय पर जनता व हमारा साथ देना चाहिए ताकि जनता को सुविधा प्राप्त हो।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज