कुल्लू अपडेट , नशा मुक्ति केंद्र झीड़ी में उपचाराधीन युवक की मौत मामले में पुलिस ने वीरवार रात को केंद्र में कार्यरत चार कर्मचारियों- स्वयंसेवियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन चारों पर युवक की बेहरमी से पिटाई कर हत्या का आरोप है। शुक्रवार शाम को पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालक को तथ्य छिपाने और पुलिस जांच को गुमराह करने पर गिरफ्तार किया। शुक्रवार को अदालत में पेश किए चारों आरोपियों को छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। संचालक को शनिवार पुलिस अदालत में पेश करेगी। जांच में पता चला कि कुल्लू जिले का रहने वाला 21 वर्षीय हैपी 13 अक्तूबर से ही परेशान था और हिंसक हो रहा था। 20 नवंबर की रात को जब वह हिंसक हुआ तो इसको काबू करने का प्रयास यहां तैनात कर्मचारियों और स्वयंसेवियों ने किया युवक काबू नहीं आया तो कुछ स्टॉफ के कर्मचारियों और स्वयंसेवियों ने इसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। बाद में युवक को सीएचसी नगवाई में लाया गया जहां पर इसे मृत घोषित कर दिया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि शव में बाहर के बजाय अंदरूनी चोटें भी थीं। हेड इंजरी के अलावा शरीर के कई जगहों में चोटें पाई गईं। मामले में सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस जांच में सहारा बनी। सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने हत्या के आरोप में राजेश कुमार निवासी वार्ड नंबर 3 व्यासा मोड तिब्बत मार्केट कुल्लू, लोकेश यादव निवासी गांव और डाकघर टिक्कर तहसील बल्ह मंडी, देशराज निवासी गांव गोशाल डाकघर बांग तहसील मनाली, विजय कुमार 26 निवासी गांव और डाकघर हरनोड़ा तहसील सदर जिला बिलासपुर शामिल हैं। एसपी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि पुलिस द्वारा सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है।




