कुल्लू अपडेट , कुल्लू जिला मुख्यालय स्थित सुल्तानपुर में एक मकान के किचन में हुआ धमाका गैस लीकेज के चलते ही हुआ था। फोरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है। किचन में रखे सिलेंडर में गैस लीकेज थी। जैसे ही युवक ने लाइटर जलाया तो अचानक यहां पर धमाका हुआ। गैस दबाव के साथ बाहर निकली और जिसने साथ लगते मकानों में काफी अधिक नुकसान किया।
गौर रहे कि बीते शुक्रवार को यहां पर हुए धमाके के चलते दो घरों को काफी अधिक नुकसान हुआ था। जबकि चार अन्य घरों में भी दीवारों में दरारें पड़ने के साथ शीशे भी टूट गए थे। वहीं धमाके के चलते एक युवक भी घायल हो गया था, जिसका कुल्लू अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद कुल्लू पुलिस की ओर से फोरेंसिक की टीम को मौके पर बुलाया गया था। टीम ने घटनास्थल का दौरा और यहां पर स्थिति का जायजा लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इसकी जांच करने की मांग की थी। वहीं प्रशासन की ओर से प्रभावितों को राहत राशि प्रदान की गई है। एएसपी कुल्लू संजीव चौहान ने कहा कि मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट नहीं आई है, लेकिन एक्सपर्ट की ओर से बताया गया है कि धमाका गैस लीकेज के चलते हुआ है।





