टेक अपडेट, मेटा के स्वामित्व वाले फोटो और वीडियो शेयरिंग एप Instagram में एक बग आया है। इस बग के कारण इंस्टाग्राम के पुराने वीडियो से ऑडियो गायब हो रहे हैं। यह दिक्कत कुछ काफी पुराने यूजर्स को आई है। रिपोर्ट के मुताबिक Instagram वीडियोज के ऑडियो अपने आप गायब हो रहे हैं। यूजर्स को इस बारे में कोई जानकारी भी नहीं मिल रही है कि आखिर ऑडियो क्यों गायब हो रहे हैं। आमतौर पर जब इंस्टाग्राम या फेसबुक के वीडियोज में ऑडियो म्यूट होते हैं तो यूजर्स को इस बारे में बताया जाता है। रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि यह दिक्कत सिर्फ उन्हीं यूजर्स को आई है जिन्होंने 2014 के आसपास इंस्टाग्राम पर अपने वीडियोज अपलोड किए थे। कहा जा रहा है कि जिन वीडियोज से ऑडियो गायब हुए हैं वे कॉपीराइट के कारण नहीं हुए हैं। कॉपीराइट इश्यू आने पर Instagram अपने यूजर्स को मेल या एप के जरिए अलर्ट भेजता है, जबकि इन यूजर्स को किसी भी तरह का कोई नोटिफिकेशन नहीं मिला है। द वर्ज की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि जून 2013 से अक्तूबर 2014 के बीच अपलोड हुए वीडियोज से ऑडियो गायब हो रहे हैं। वीडियोज के साथ कैप्शन आ रहा है कि इस वीडियो में कोई साउंड नहीं है। आपको याद दिला दें कि अपने प्लेटफॉर्म पर वीडियो का फीचर इंस्टाग्राम ने जून 2013 में ही शुरू किया था।




