हिमाचल अपडेट , विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन बुधवार को भाजपा विधायकों ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों में 2 रुपए पर प्रति किलो गोबर खरीद के मुद्दे को लेकर विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा के सभी विधायकों ने विधानसभा परिसर में गोबर की टोकरियां लेकर नेराबाजी की। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है लेकिन अभी तक किसानों से गोबर नहीं खरीदा है। गौशाला में रखा गोबर सूख गया है, यह गोबर कांग्रेस सरकार के लिए महंगा साबित होगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और हिमाचल प्रभारी बघेल का गोबर मॉडल चुनाव में फेल हो गया है तथा छत्तीसगढ़ में करोड़ों का घोटाला सामने आया है। उधर, कृषि मंत्री ने विधानसभा के बाहर पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में कहा कि कांग्रेस की सरकार ने जनता के साथ की गई गारंटियों में से 3 को पूरा कर दिया है तथा जल्द ही बाकी गारंटियों को भी पूरा कर दिया जाएगा।




