कुल्लू अपडेट ,कुल्लू शहर के सुल्तानपुर में एक ज्वेलर्स वर्कशॉप से दो शातिरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। शातिरों द्वारा 2,60,000 रुपयों समेत 140 ग्राम सोना और 112 ग्राम चांदी चोरी कर ली गयी है । चोरी किए सामान की कुल कीमत 11,50,000 रुपये आंकी गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने शातिरों की तलाश शुरू कर दी है। यह चोरी बीते शुक्रवार रात को की गई है। पुलिस थाना कुल्लू में रजौल खान निवासी मशीन गार्डन पाड़ा, डाकघर अठारहा बकी, जिला दक्षिण 24 परगना, पश्चिम बंगाल ने कहा कि वह सुल्तानपुर में रह रहा है। 20 साल से एक ज्वेलर्स के पास कारीगरी का काम करता है। उसके साथ 6-7 अन्य कारीगर भी काम करते हैं। उसकी वर्कशाप में करीब 140 ग्राम सोना तथा 112 ग्राम चांदी थी। अंगूठी, कांटे, बालियां, चेन आदि बनाने के लिए ऑर्डर लिया था। ज्वेलरी शॉप के मालिक ने 2,60,000 रुपये सोने की चेन मंगवाने के लिए दिए थे। शनिवार सुबह करीब 6.00 बजे जब वह वर्कशॉप गया तो ताला टूटा हुआ पाया।अंदर जाकर देखा तो सोना-चांदी और नकदी गायब थी। दुकान का सीसीटीवी कैमरा देखा तो दो नकाबपोश व्यक्ति मध्यरात्रि के समय वर्कशाप में आकर सोने चांदी का सामान और नकदी चुरा ले गए। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शातिरों को तलाश कर रही है। इस तरह की वारदातों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।




