कुल्लू अपडेट,जिले के पतलीकूहल के साथ लगते गांव बशकोला में चुनी लाल पुत्र हीरा लाल के तीन मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल में आग लग गई।इससे ऊपरी मंजिल में बने तीन कमरे और छत जलकर राख हो गई। यह आग रविवार रात करीब 11:40 बजे लगी। मकान में आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। साथ ही दमकल विभाग को सूचित किया। आग से करीब 15 लाख का नुकसान आंका गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। बशकोला गांव में रात 11:40 बजे आग लगी। सूचना पर दमकल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।मकान की निचली दो मंजिलों में बने सात कमरों और साथ लगते चार कमरों वाले एक मकान को आग की भेंट चढ़ने से बचा लिया गया है। दमकल चौकी पतलीकूहल के प्रभारी राज कुमार शर्मा ने कहा कि रविवार की रात 11:40 पर बशकोला गांव में आग लगने की सूचना मिली। आग पर काबू पा लिया गया है। वहीं मनाली से विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी आगजनी से हुई घटना का जायजा लिया और फ़ौरी राहत के तौर पर पीड़ित परिवार को 25 हज़ार रूपये की नकदी प्रदान की। उन्होने कहा की सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को इस मुश्किल घड़ी मे हर सम्भव सहायता की जाएगी, ऐसी आगजनी की घटनाएं बेहद दुःखद हैँ।




