कुल्लू अपडेट ,उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत टील के छुनार में सोमवार रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 फुट नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं।दोनों घायल पल्दी और थाटीबीड़ क्षेत्र के हैं। घायलों का बंजार अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना बीते सोमवार रात करीब 10:00 बजे ऑल्टो कार में चालक एक व्यक्ति को छोड़ने जा रहा था। जैसे ही कार छुनार के पास पहुंची तो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार खाई में गिर गई। हादसे में कार चालक खेमचंद (25) पुत्र मोहर सिंह, गांव कोहलदी, डाकघर थाटीबीड़, बंजार, जिला कुल्लू और सेस राम (45) पुत्र शेर सिंह गांव गनेउली, डाकघर थाटीबीड़, बंजार, कुल्लू घायल हो गए। हादसे का पता चलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क तक पहुंचाया। यहां से घायलों को एंबुलेंस के जरिये उपचार के लिए बंजार अस्पताल ले जाया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




