Search
Close this search box.

राम सिंह मियां ने बठाहड से बश्लेउ जोत तक बनने वाले ब्राइडल पाथ का किया भूमिपूजन

कुल्लू अपडेट ,हिमाचल प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन का नारा दे चुकी सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अनछुए स्थलों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए धरातल स्तर पर कसरत शुरू कर दी गई है। जिला कुल्लू के उप मंडल बंजार की तीर्थन घाटी में भी प्राकृतिक सौंदर्य से लबरेज बशलेऊ जोत सरीखे अनेकों अनछुए और अनदेखे स्थल मौजूद है। यहां तक देशी विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने और इन स्थलों को विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे पर कार्य किया जा रहा है जिसके लिए सड़क कनेक्टिविटी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जरूरत रहती है। इसी कड़ी में आज एपीएमसी जिला कुल्लू एवं लाहौल स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने बठाहड से बश्लेउ जोत तक बनने वाले 4 किलो मीटर जीप योग्य सड़क और ब्राइडल पाथ की विधिवत्त पूजा अर्चना कर आधारशिला रखी है। आजादी के 75 वर्षों बाद इस सड़क मार्ग की राह देख रहे बठाहड़ और बागासराहन के हजारों लोगों का सपना अब पूरा होने वाला है। इस सड़क मार्ग के बनने से इनर सराज और आउटर सराज के बीच की दूरियां कम होगी। शीघ्र ही यहां के स्थानीय लोग और पर्यटक बठाहड़ से बागा सराहन तक इलेक्ट्रिक कार में सफर कर सकेंगे। इसके साथ ही विश्व के पर्यटन मानचित्र पर उभरते हुए पर्यटन स्थल तीर्थन घाटी में अब बठाहड़, फलाचन, बश्लेऊ पास और बागा सराहन की वादियां भी अंकित होगी। ब्रिटिश काल के दौरान अंग्रेजों द्वारा इस मार्ग को पैदल और घोड़े के चलने योग्य बनाया था। आउटर सराज और इनर सराज को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए बठाहड़ और निरमंड क्षेत्र के लोगों की चिरकालीन और सबसे महत्वपूर्ण मांग को पूर्व की सरकारें अनदेखा करती रही। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भी अपने कार्यकाल के दौरान इन क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने की घोषणा की थी जो मात्र कागजों तक ही सिमट कर रह गई। अब इसी मार्ग को चौड़ा करके इलेक्ट्रिक वाहन चलने योग्य बनाया जा रहा है। बठाहड़ से कनेड तक चार किलोमीटर सड़क जीप योग्य बनेगी जबकि यहां से आगे बश्लेउ पास तक ब्राइडल पाथ का निमार्ण किया जाएगा। कनेड से आगे बागा सराहन तक केवल इलेक्ट्रिक वाहन ही चलेंगे ताकि पर्यावरण भी सुरक्षित रहे। इस मार्ग के बन जाने से जहां एक ओर बागा सराहन, बश्लेउ जोत, बठाहड़ और फलाचन की वादियां पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगी वहीं दूसरी ओर इनर सराज और आउटर सराज से को जाने के लिए बहुत कम समय लगेगा। गौरतलब है कि गत वर्ष मई माह में सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर द्वारा जिला कुल्लू के आउटर सराज और इनर सराज को बागा सराहन से बठाहड तक वाया बश्लेउ जोत होकर सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए ब्राइडल पाथ के निर्माण की घोषणा की थी। कैम्पा योजना के तहत सर्वे होने के पश्चात जून माह में ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बुद्धि सिंह ठाकुर द्वारा बागा सराहन से बश्लेउ जोत जोगनी माता तक कुल 6 किलोमीटर ब्राइडल पाथ कार्य की विधिवत पूजा अर्चना करने के बाद आधारशिला रखी थी जिसका निर्माण कार्य अभी तक निरंतर जारी है जबकि बठाहड से बश्लेउ तक के लिए अब सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है। बठाहड़ से आगे 4 किलोमीटर कनेड तक यह सड़क जीप योग्य बनेगी जिसका निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा लाडा के तहत किया जाएगा। जबकि वहां से आगे बश्लेउ पास तक ब्राइडल पाथ बनेगा जिसका निर्माण कार्य वन विभाग द्वारा किया जायेगा।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज