कुल्लू अपडेट, ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में 26 जनवरी को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस को धूमधाम से मनाया जा जा रहा है। इसमें सीपीएस सुंदर ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। वह हिमाचल पुलिस, आईटीबीपी, महिला पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी की टुकड़ियों की सलामी लेंगे।बुधवार को ढालपुर में फुल ड्रेस परेड रिहर्सल का आयोजन किया गया जो लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। परेड में किसी तरह की कमी न हो, इसके लिए ढालपुर में तीन से चार घंटे तक रिहर्सल की प्रक्रिया जारी रही। गणतंत्र दिवस के मौके पर सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस चेकपोस्ट पर बाहरी गाड़ियों की तलाशी करने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं गणतंत्र दिवस के आयोजन की शांति में कोई खलल न डाले, इसको लेकर पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ाने के साथ जिलेभर के थानों व चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने कहा कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने जिले के लोगों से समारोह में शामिल होने की अपील की है।




