कुल्लू अपडेट ,खराहल घाटी के थासीभ्रा गाँव में दिनांक 19 फरवरी 2024 सोमवार को बिजलेश्वर युवक मण्डल थासीभ्रा कुल्लू द्वारा अपनी प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष पर “भजन संध्या” कार्यक्रम का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया । जिसमें सर्वप्रथम बिजलेश्वर युवक मण्डल के अध्यक्ष उत्तम चन्द ने अपने स्वागत भाषण में कार्यक्रम में पधारे हुए मुख्यातिथि, विशेष अतिथि, कलाकारों व सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि गत वर्ष गांव के कुछ जागरूक व उत्साही युवाओं द्वारा अपने गाँव के विकास, पारम्परिक व सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन सहित समाज सेवा करने के उदेश्य हेतु ही इस बिजलेश्वर युवक मण्डल नामक एक संघ का गठन किया गया है तथा साथ ही सभी सदस्यों व गांववासियों से प्रार्थना की कि इस उदेश्य की पूर्ति हेतु अपना सहयोग हमेशा युवक मण्डल पर बनाएं रखें । इस रंगारंग भजन संध्या कार्यक्रम में गाँव के बुजुर्ग रिटायर्ड बी.ओ. वन विभाग कुल्लू श्री सेस राम ने बतौर मुख्यातिथि तथा रिटायर्ड जिला लोक संपर्क अधिकारी राम देव कपूर ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की । कार्यक्रम में मुख्यातिथि महोदय को कुल्लवी परम्परा अनुसार टोपी, चादर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा इस दौरान विशेष अतिथि,, वार्ड पंच नीलम किशोर, महिला मण्डल प्रधान बेगमा देवी, मेहमान कलाकार संजय पुजारी, निखिल कौशल व हीरा लाल को भी चादर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया । इस भजन संध्या कार्यक्रम में आए हुए मेहमान कलाकारों द्वारा भक्ति रस से सराबोर गीत – संगीत की एक से बढ़कर एक बहुत ही खूबसूरत एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई, जिसमें सर्वप्रथम गणपती वंदना, ज्योति कलश छलके, मना लो भोले बाबा को, सांवली सुरत पे मोहन, मेरा भोला है भण्डारी, शिव कैलाशों के वासी, धुड़ू नचेया इत्यादि कई भजनों के साथ-साथ पहाड़ी भजनों को भी गाया गया, जिन्हें सुनकर दर्शकों ने भी खूब आनंद लिया और भक्तिरस मे डूबकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया । इस सम्पूर्ण कार्यक्रम का मंच संचालन वित्त सहसचिव मोहित द्वारा बखूबी निभाया गया । कार्यक्रम के मुख्यातिथि ने अपने भाषण में बिजलेश्वर युवक मण्डल द्वारा किए जा रहे कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और आश्वासन दिया कि उनका सहयोग व आशीर्वाद सदैव युवक मण्डल को मिलता रहेगा । कार्यक्रम दौरान बिजलेश्वर युवक मण्डल के अध्यक्ष उत्तम चन्द, उपाध्यक्ष नीरज, सचिव सुमित, प्रेस सचिव चुनी लाल, सह सचिव निशांत, वित्त सह सचिव मोहित, सदस्य पदम सिंह, नरेश कुमार, पुनीत कुमार, तरुण व रोहित उपस्थित रहे ।




