कुल्लू अपडेट ,मनाली-केलांग मार्ग फोर बाई फोर वाहनों के लिए बहाल हो गया है। बीआरओ ने दिन-रात काम कर साढ़े 5 फुट ऊंची बर्फ को काटकर रास्ता बनाया। एक्सपीडिशन की 20 गाड़ियों सहित मनाली से केलांग के लिए 2 दर्जन से अधिक वाहन रवाना हुए। भारी हिमपात से मनाली-केलांग मार्ग 17 फरवरी से सभी वाहनों के लिए बंद हो गया था। इसके अलावा तांदी से उदयपुर को भी बहाल करने का काम तेज कर दिया है। हालांकि 25 और 26 फरवरी को फिर से मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में सीमा सड़क संगठन ने कमर कस ली है। सड़क को एकतरफा बहाल करने के साथ ही बीआरओ के जवान अब बर्फ कटिंग कर सड़क को चौड़ा कर रहे हैं। सीमा सड़क संगठन 94 आरसीसी उदयपुर से तिंदी की ओर भी सड़क खोलने में जुट गया है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने जिस्पा-केलांग-मनाली सड़क के वनवे फोर बाई फोर वाहनों के लिए बहाल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी वनवे सड़क में वाहन पास करने में दिक्कत है, ऐसे में लोग अनावश्यक यात्रा न करें। उधर, लाहौल-स्पीति जिला की मुख्य सड़कों के साथ 288 संपर्क मार्ग अभी भी आवाजाही के लिए बंद हैं।




