Search
Close this search box.

बंजार के फरयाडी में डेढ़ मंजिला मकान राख , करीब आठ लाख का नुक्सान

कुल्लू अपडेट , उपमंडल बंजार के तहत आने वाले फरयाड़ी में छह कमरों का डेढ़ मंजिला लकड़ी का मकान जलकर राख हो गया। आग की घटना मंगलवार रात को उस समय हुई जब पूरा परिवार सोया हुआ था। आग लगने के बाद यहां अफरा-तफरी मच गई। जैसे-तैसे बाप अपने दो बेटों सहित खिड़की तोड़कर बाहर निकले। घटना में आठ लाख का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे अमरचंद पुत्र वेद राम गांव फरयाड़ी, डाकघर गुशैणी, तहसील बंजार, जिला कुल्लू के मकान में अचानक चिंगारी सुलग गई। आग की लपटें देखकर अमर चंद के होश उड़ गए। अमर चंद अपने दो बेटों सहित कमरे की खिड़की तोड़कर बाहर निकले। आग को देखकर गांव के लोग इस पर काबू पाने के लिए पहुंचे, लेकिन लकड़ी का मकान होने के चलते इसमें कुछ भी नहीं बचाया जा सका। परिवार की जीवनभर की कमाई आंखों के सामने आग में राख हो गई। हालांकि सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन किया। आग की घटना के बाद अमर चंद के परिवार के तीन सदस्य खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। गौरतलब है कि जिले में लगातार दूसरे दिन आग की घटना पेश आई है। इससे पहले शाट गांव में भी 12 कमरों का मकान जलकर राख हो गया था। इस संबंध में तहसीलदार बंजार रमेश कुमार ने कहा कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 20,000 रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। रहने के लिए तिरपाल और अन्य सामान भी प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को दिया जा रहा है।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज