हिमाचल न्यूज़ ( बिलासपुर ) ,पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हमला करने वाले आठ आरोपियों को बुधवार को फिर से अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले के पांच आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। फरार आरोपियों में से 3 ने उच्च न्यायालय में जमानत याचिका दायर की है, जिस पर बुधवार को सुनवाई होनी थी। लेकिन नहीं हो पाई। वहीं, बंबर ठाकुर का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में सुधार हो रहा है। वहीं, फरार पांच आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है, लेकिन घटना के छह दिन बाद भी उनका कोई पता नहीं चला है।बता दें कि बंबर ठाकुर पर पिछले शुक्रवार को कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने इस मामले में कुल 13 आरोपियों पर हत्या का प्रयास करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। हमले में प्रयोग किए डंडे, तलवार और हॉकी को भी पुलिस ने बरामद किया है। उधर, डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि आठ आरोपियों को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। फरार आरोपियों की तलाश चल रही है। फरार आरोपियों में से तीन ने उच्च न्यायालय में जमानत याचिका दायर की है, लेकिन उस पर अभी सुनवाई नहीं हुई है।




