कुल्लू अपडेट , चैत्र संक्रांति पर आज जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बिजली महादेव मंदिर के कपाट खुलेंगे। 15 दिसंबर 2023 से मंदिर के कपाट बंद रखे गए हैं। तीन माह के अंतराल के बाद चैत्र संक्रांति पर वीरवार को देवता बिजली महादेव के स्वर्ग प्रवास से लौटने पर कपाट देव विधि के साथ खोले जाएंगे। इसके साथ ही बिजली महादेव मंदिर में अन्य देव परंपराओं का भी निर्वहन किया जाएगा। इसके बाद गूर के माध्यम से सालभर की भविष्यवाणी भी की जाएगी। देवता हारियान भी काफी संख्या में वीरवार को बिजली महादेव मंदिर में जुटेंगे। वहीं वीरवार से बिजली महादेव मंदिर में कपाट खुलने के बाद सुबह-शाम पूजा-अर्चना का दौर भी शुरू हो जाएगा। कपाट खुलने के बाद अब सालभर बिजली महादेव के श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। हालांकि शिवरात्रि को सिर्फ एक दिन के लिए कपाट खोले गए थे, उसके बाद फिर कपाट बंद कर दिए गए। गौरतलब है कि धार्मिक स्थल बिजली महादेव में हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बिजली महादेव मंदिर के कपाट खुलने को लेकर श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है। कपाट बंद होने के कारण सर्दियों में बिजली महादेव में रौनक कम रहती है लेकिन अब बिजली महादेव में फिर से रौनक लौटेगी। देवता बिजली महादेव के कारदार विनेंद्र जंबाल ने कहा है कि आज से मंदिर के कपाट खुलेंगे।




