कुल्लू अपडेट , खराहल क्षेत्र की 16 टंकी-शलाधरा उठाऊ पेयजल योजना तैयार हो चुकी है लेकिन लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से योजना का उद्घाटन लटक गया है। पेच्छा के पास पहाड़ी में पत्थर गिरने के कारण लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। विभाग पाइपों की मरम्मत कर रहा है। खराहल की नौ पंचायतों को पानी के लिए लोकसभा चुनाव संपन्न होने का इंतजार करना पड़ेगा।उठाऊ पेयजल योजना पर 10 करोड़ से अधिक राशि खर्च की गई है। खराहल क्षेत्र में उठाऊ पेयजल योजना बनने से पानी की समस्या हल होगी। इससे नौ पंचायतों की 12,000 आबादी लाभान्वित होगी। ब्यास का पानी लिफ्ट करके खराहल घाटी की चोटी पर पहुंचाया जाएगा। ब्यास के पानी को तीन चरणों में लिफ्ट किया जाएगा। योजना के तहत विभिन्न गांवों में टैंक बनाने के साथ पेयजल पाइपें बिछाने का काम किया गया है। खराहल घाटी में पानी को लेकर अक्सर समस्या रहती है। सूखे की स्थिति में लोगों को पेयजल को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। 16 टंकी-शलाधरा उठाऊ पेयजल योजना शुरू होने से खराहल घाटी के लोगों की मुश्किलें आसान होंगी। अब लोगों को लोकसभा चुनाव संपन्न होने का इंतजार करना होगा। उसके बाद ही उन्हें सौगात मिल पाएगी। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता,अमित कुमार ने कहा की पत्थर गिरने के कारण जो पाइप क्षतिग्रस्त हुए थे, उन्हें ठीक किया जा रहा है। उठाऊ पेयजल योजना का अन्य काम पूरा हो चुका है। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद योजना सहित फाटी पीज उठाऊ योजना को भी शुरू किया जाएगा।




