हिमाचल न्यूज ,नशे की अवैध तस्करी को लेकर चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हरियाणा निवासी 2 तस्करों को 49.10 ग्राम चिट्टे के साथ काबू किया है। पकड़े गए चिट्टे की कीमत 5 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नाकाबंदी के दौरान एक विश्वसनीय सूचना मिली कि वाहन (एचआर 26सीजी-1183) कुफरी शिमला से फागू ठियोग की ओर आ रहा है, जिसमें 2 व्यक्ति सवार हैं। उनके पास बड़ी मात्रा में नशे की खेप है। इस दौरान पुलिस ने उक्त गाड़ी को जांच के लिए रोका, जिसमें मनोज कुमार (32) पुत्र ईश्वर सिंह गांव व डाकघर मिताथल तहसील भिवानी सिटी जिला भिवानी हरियाणा, अनिल कुमार (41) पुत्र प्रीतु राम उर्फ प्रीतम निवासी गांव सिंघवा खास तहसील नारनौंद हिसार हरियाणा सवार थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पुलिस टीम ने 49.10 ग्राम चिट्टा बरामद किया। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।




