कुल्लू अपडेट (हिमाचल न्यूज ), बर्फबारी के कारण बंद हुई अटल टनल रोहतांग दो दिन बाद पर्यटकों के लिए बहाल कर दी गई है। बीआरओ के बर्फ हटाने के बाद पिछले कल यानि सोमवार को पर्यटकों को फोर बाई फोर वाहनों में अटल टनल होते हुए सिस्सू तक जाने की अनुमति दी गई। अन्य वाहनों को फिलहाल सोलंगनाला में ही रोका जा रहा है। शनिवार को भारी बर्फबारी के कारण अटल टनल सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद हो गई थी।अटल टनल के साउथ पोर्टल और नॉर्थ पोर्टल में 45 सेंमी तक बर्फबारी हुई है। बीआरओ ने खराब मौसम में भी बर्फ हटाने का कार्य जारी रखा। रविवार शाम को लाहौल की ओर जाने वाले लोगों को फोर बाई फोर वाहनों में भेजा गया। सोमवार को मौसम खुलने के बाद पर्यटकों को भी फोर बाई फोर वाहनों के जरिए ही टनल की ओर जाने की अनुमति दी गई। सड़क संकरी और फिसलन होने के कारण छोटे वाहनों को सोलंगनाला से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। टेंपो ट्रेवलर भी सोलंगनाला में ही रोके जा रहे हैं। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि बीआरओ ने बर्फ हटा दी है। सड़क एकतरफा खुल गई है लेकिन जगह-जगह सड़क संकरी है। साथ ही वाहनों के फिसलने का भी भय है। लिहाजा फोर बाई फोर वाहन ही टनल की ओर भेजे जा रहे हैं। सोमवार को भारी संख्या में पर्यटकों ने अटल टनल का रुख किया।




