कुल्लूअपडेट , जिले के कुछ स्वयंभू नेता गुरिल्लाओं को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। इन स्वयंभू नेताओं ने अपना केस अखिल भारतीय गुरिल्ला संगठन के साथ टैग किया है। ऐसे में उन नेताओं की हालत दयनीय है। गुरिल्लाओं को अगर किसी तरह की शंका है, तो वे संगठन के पदाधिकारियों से जवाब ले सकते हैं, लेकिन किसी स्वयंभू नेता के झांसे में न आएं। यह बात अखिल भारतीय गुरिल्ला संगठन के चेयरमैन प्रीतम सिंह ठाकुर ने सोमवार को कुल्लू में कही। कुल्लू में एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्ला संगठन की मासिक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता महिला अध्यक्ष धनवंती ठाकुर ने की। बैठक में सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मामले की सूची रखी गई। प्रस्ताव पारित किया गया जो गुरिल्ला बार-बार कहने के उपरांत बैठक से नदारद रह रहे हैं, उनके प्रति संगठन की अब कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। प्रीतम सिंह ठाकुर ने कहा कि गुरिल्लाओं के मामले की सुनवाई 16 अप्रैल को होनी तय है। उन्होंने कहा कि जिन्हें संगठन से निष्कासित किया गया है, वे स्वयंभू नेता बनकर गुरिल्लाओं को झांसा दे रहे हैं। गुरिल्ला संयम बनाए रखें और संगठन के साथ जुड़े रहें। गुरिल्लाओं का हक संगठन ही दिलाएगा। इस दौरान महासचिव आंगमो देवी, शेर सिंह, चने राम, गिरधारी लाल, चुनी लाल, खेख राम, भवानी प्रकाश, टेक राम, दीप लता आदि उपस्थित रहे।




