कुल्लू अपडेट , राम नवमी के अवसर पर कुल्लू शहर में हरे रामा, हरे कृष्णा की मधुर धुन से माहौल भक्तिमय बन गया। शहर में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली। यह यात्रा टिकरा बावड़ी से लेकर ढालपुर तक निकाली गई जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं में शोभायात्रा को लेकर उत्साह देखने को मिला। इससे पहले सुबह करीब 10:00 बजे टिकरा बावड़ी स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर में श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए थे। भगवान जगन्नाथ के रथ को यहां पर सजाया गया। इसके बाद दोपहर करीब 1:00 बजे शोभायात्रा शुरू हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के रथ को रस्सों के सहारे खींचकर ढालपुर तक पहुंचाया। इसके बाद अटल सदन में भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। जगह-जगह शोभायात्रा को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजक अमित गुलेरिया ने कहा कि राम नवमी के अवसर पर इस तरह का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को फलाहार भी वितरित किया गया। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ ने राम नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया है।




