कुल्लू अपडेट ,पैराग्लाइडिंग साइट गड़सा में दो महीने के बाद पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई है। दो महीने तक पैराग्लाइडिंग गतिविधियां बंद रहने से यहां पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियों से जुड़े युवा बेरोजगार हो गए थे। अब साहसिक गतिविधियां शुरू होने से लोगों को राहत मिली है। पर्यटन सीजन के दौरान यहां पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियां जोर पकड़ेंगी। देश-विदेश से आने वाले सैलानी गड़सा साइट पर पैराग्लाइडिंग का आनंद ले सकेंगे। विभाग ने दो महीने यहां पर पैराग्लाइडिंग पर रोक लगा दी थी। गड़सा पैराग्लाइडिंग साइट भुंतर तहसील में आती है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन से जब पर्यटक कुल्लू जिले में प्रवेश कर बजौरा पहुंचते हैं तो वे बजौरा पुल से होकर गड़सा पैराग्लाइडिंग साइट तक आसानी से पहुंच सकते हैं। इस संबंध में पूर्व विधायक महेश्वर सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट शेयर की है जिसमें उन्होने लिखा है की क़ाफ़ी समय से गड़सा घाटी में बंद पड़ी पैरा-ग्लाइडिंग साइट्स अब पुनः शुरू हो जाएंगी! गत दिनों मैं घाटी के युवाओं व एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ संबंधित अधिकारियों से इस विषय को लेकर मिला था! आज एसोसिएशन के पदाधिकारी मुझसे मेरे निवास पर मिले। उन्होने इन साइट्स को पुनः शुरू करने हेतु संबधित अधिकारियों का धन्यवाद किया है।




