कुल्लू अपडेट , आपदा में क्षतिग्रस्त हुए राणाबाग-करशाला मार्ग पर दस महीने बाद एचआरटीसी की बस सेवा शुरू हो गई है। बस के आरंभ होने से रघुपुर घाटी की तीन पंचायतों के लोगों में खुशी की लहर है। सरकारी बस सेवा शुरू होने से टकरासी, लगौटी और फनौटी पंचायत के लोगों को अब पैदल चलने से राहत मिली है। उन्हें करीब पांच से छह किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा था। तीन पंचायताें के करीब 20 गांवों के लोगों को उपमंडल, जिला मुख्यालय के साथ शिमला आना-जाना आसान हो गया है। स्थानीय पंचायत के प्रधान मोहन लाल ठाकुर, ग्रामीण डोला राम और राज कुमार ने कहा कि लोक निर्माण विभाग नेे सड़क के गिरे डंगों का निर्माण करने के बाद मार्ग को बड़े वाहनों के लिए बहाल किया। लगभग दस महीने तक लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। जरूरतमंद लोगों के साथ मरीजों को भारी भरकम किराया देकर टैक्सियों में सफर करना पड़ा। अब मार्ग बसों के लिए दुरुस्त होने से करशाला, सुहल, कोलथा, बहली, दरकू, कुठेड़, कुआ, लगौटी, बनाला, डोहाड़, फनौटी, निचली फनौटी, धार, शजागी, कनशैल, दारण सहित 20 गांव के लोगों को लाभ मिला है।




