कुल्लू अपडेट , क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में एक सप्ताह बाद अल्ट्रासाउंड सेवाएं आरंभ हो गई हैं। अस्पताल में पहले दिन शुक्रवार को 48 मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए गए। इनमें ज्यादातर गर्भवती महिलाएं रहीं, जिनके रुटीन अल्ट्रासाउंड होने थे। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलने से मरीजों खासकर गर्भवती महिलाओं की परेशानी कम हुई है। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश के बाद शुक्रवार से ज्वाइन करने पर मरीजों को राहत मिली है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड न होने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। रोजाना औसतन 50 से 60 मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलती है। क्षेत्रीय अस्पताल में तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट 12 से 18 अप्रैल तक अवकाश पर रहे। अल्ट्रासाउंड न हो पाने के कारण मरीजों और तीमारदारों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ा। कुल्लू अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करवाने गड़सा से पहुंची मरीज सीमा ठाकुर ने कहा कि चिकित्सकों ने उसे अल्ट्रासाउंड करवाने की सलाह दी थी। अस्पताल से उन्हें 19 अप्रैल की डेट मिली थी। रेडियोलॉजिस्ट मिलने से अल्ट्रासाउंड हो पाया है। रायसन की मरीज आशु ने कहा कि अल्ट्रासाउंड के लिए उन्हेें जो तिथि दी गई थी, उस तिथि में अल्ट्रासाउंड हो पाया है। मरीज रमना, नेहा, सोनिका, मोहित, सोमदेव ने कहा कि अल्ट्रासाउंड सुविधा मिलने से राहत मिली है। कहा कि अस्पताल प्रबंधन को एक ओर रेडियोलॉजिस्ट तैनात करना चाहिए। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश चंद ने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट ने अपनी सेवाएं आरंभ कर दी हैं। अस्पताल में शुक्रवार को 48 मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया गया है।




