Search
Close this search box.

कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर और अपने 15 महीने की उपलब्धियों से जीतेगी चुनाव – सीएम सुक्खू

हिमाचल न्यूज ,मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुटता और 15 माह की उपलब्धियों से लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों में जीत दर्ज करेगी। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में मंडी संसदीय क्षेत्र के नेताओं के साथ मुख्यमंत्री ने पार्टी प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को जिताने की रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा आने पर प्रभावित परिवारों की मदद को युवा नेता विक्रमादित्य सिंह डटे रहे। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह स्थिर और मजबूत है। सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। कांग्रेस ने हमेशा ही चुनौतियों का डटकर मुकाबला करते हुए उस पर पार पाया है। उनकी सरकार ने 15 माह के कार्यकाल में कई उल्लेखनीय निर्णय लेकर जनता के हित में कार्य किए हैं। कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी भी पूरी की है। आपदा से प्रभावित लोगों की सरकार ने पूरी मदद की। मंडी जिला सबसे ज्यादा आपदा प्रभावित रहा। इस दौरान न तो केंद्र सरकार ने प्रदेश को कोई विशेष आर्थिक मदद दी और न ही प्रदेश भाजपा के नेताओं ने राहत कार्यों में सहयोग दिया। सुक्खू ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से उन्होंने एक योग्य, अनुभवी युवा नेता विक्रमादित्य को चुनाव मैदान में उतारा है। दावा किया कि विक्रमादित्य मंडी संसदीय क्षेत्र में रिकाॅर्ड मतों से जीत हासिल करेंगे। उन्होंने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं के साथ एकजुटता से चुनाव प्रचार में डटने व सरकार की 15 माह की उपलब्धियों को जनता के बीच प्रमुखता से रखने को कहा। बैठक को प्रकाश चौधरी, सुंदर ठाकुर, रंगीला राम राव, नंद लाल, जगत सिंह नेगी और चंद्रशेखर ने भी संबोधित करते हुए पार्टी के सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर चुनाव प्रचार में डटने को कहा।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज