कुल्लू अपडेट , पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटन सीजन शुरू हो गया है। धीरे-धीरे पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है लेकिन, कानून-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस जवानों की अभी तक तैनाती नहीं हो पाई है। चुनाव ड्यूटी के कारण फिलहाल पुलिस जवान नहीं मिल पाए हैं। यही स्थिति रही तो पर्यटन सीजन बूम पर आने के बाद पुलिस प्रशासन को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। मनाली पुलिस ने पुलिस मुख्यालय से तीन रिजर्व भेजने के लिए पत्र लिखा है, मगर अभी तक अनुमति नहीं मिली है। पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटन सीजन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जाती है। अमूमन 15 अप्रैल तक पुलिस और होमगार्ड के लगभग 200 जवान मनाली में मोर्चा संभालते हैं। इस साल लोकसभा चुनाव होने के कारण हिमाचल की रिजर्व बटालियन राज्य से बाहर बुलाई गई हैं। इसके चलते मनाली में अतिरिक्त जवानों की तैनाती अभी तक नहीं हो पाई है। सीजन रफ्तार पकड़ने लगा है और कई जगह पर जाम की समस्या भी गहराने लगी है।




