कुल्लू अपडेट , भूस्खलन होने के कारण तीर्थन घाटी की बठाहड़-मशियार सड़क बंद हो गई है। मंगलवार दोपहर करीब 1:00 बजे के आसपास पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। इससे मशियार पंचायत के सात गांवों का संपर्क कट गया है। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। इससे लोगों की समस्या बढ़ गई है। टीला पुल के पास हुए भूस्खलन की सूचना लोक निर्माण विभाग को दी गई है। पूर्व उपप्रधान प्रकाश चंद, पूर्व वार्ड सदस्य उत्तम ठाकुर, नोय राम तथा देवराज ने कहा कि बठाहड़-मशियार सड़क पर बस सेवा बंद है। स्कूल के बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। आम लोगों को भी आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं।
कहा कि भूस्खलन से मशियार, कमेड़ा, मझली, कांढी, ठानेगाड़, घलीगंचा तथा गडीगंचा गांवों के लोगों का संपर्क बठाहड़ के साथ गुशैणी और बंजार से कट गया है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क पर गिरी चट्टानों और मलबे को हटाने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग बंजार के अधिशासी अभियंता विनय हाजरी ने कहा कि भूस्खलन से सड़क बंद होने की सूचना मिली है। मशीन भेजकर इसे बहाल किया जाएगा।




