कुल्लू अपडेट , समुद्रतल से करीब 10,280 फीट ऊंचे जलोड़ी दर्रा में करीब 20 साल बाद मई में बर्फ गिरी है। करीब 10 सेंमी बर्फ जमने से जलोड़ी दर्रा बंद हो गया था। वीरवार को 19 घंटों के बाद बसों की आवाजाही के लिए दर्रा बहाल किया गया। बुधवार शाम करीब 4:00 बजे से औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 छोटे एवं बड़े के वाहनों के लिए बंद था। आपातकालीन में मात्र फोर बाई फोर वाहन ही आरपार हुए। बाह्य सराज का जिला मुख्यालय से संपर्क कटने के बाद वीरवार सुबह एनएच ने अपनी मशीनरी को बड़ानाला भेजा और बर्फ को हटाकर हाईवे-305 को बहाल किया। करीब 11 बजे हाईवे को बसों सहित सभी तरह के वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया। बुधवार शाम को कुल्लू से रवाना हुईं निगम को दो बसें भी जलोड़ी दर्रा के पास फंस गई थीं। इन बसों को वापस कुल्लू लाया गया। सवारियों को यहां से पैदल ही अपने गंतव्य के लिए निकलना पड़ा। सोझा निवासी राजेंद्र प्रकाश ने कहा कि जलोड़ी दर्रा में मई महीने में करीब 20 साल बाद बर्फबारी हुई है। कहा कि मई में दर्रा बंद होना हैरान करने वाला है। बर्फबारी होने से बंजार के सोझा, घियागी, जीभी सहित रघुपुर और जलोड़ी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। कहा कि मई में कभी भी हाईवे वाहनों के लिए अवरुद्ध नहीं हुआ




