हिमाचल न्यूज ,हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अलावा पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ,पूर्व मंत्री काैल सिंह ठाकुर सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में राजीव शुक्ला ने दावा किया कि विक्रमादित्य सिंह दो लाख के ज्यादा अंतर से जीतेंगे। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा का असली चेहरा जान चुकी है। सरकार गिराने का प्रयास किया था, अब उसका जबाव मिलेगा। इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी का जिस प्रकार से आपदा प्रभावित स्थिति में रोल रहा है। 15 महीने का कार्यकाल, जिसमें आम जनता से जुड़े मुद्दे पर काम किया गया। इन तमाम मुद्दों को हम जनता की अदालत में रखेंगे।
वहीं नामांकन के बाद विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मोहतरमा(कंगना) ने आज तक एक शब्द मंडी के लिए अपने विजन को लेकर नहीं कहा। हम विकास के मुद्दों पर लड़ाई लड़ेंगे। हम विकास की राजनीति करते हैं, वे मनोरंजन की राजनीति करते है। इसके निर्देशक जयराम ठाकुर हैं। जयराम की स्क्रिप्टेड भाजपा की इस फिल्म का 4 जून को बॉक्स ऑफिस पर पिट जाना तय है। कहा कि हम सिर्फ मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। संसदीय क्षेत्र में सीएसडी कैंटीन, डिपो, सेना अकादमी, भृगु जोत टनल, जलोड़ी जोत टनल बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।




