हिमाचल न्यूज ,भाजपा और कांग्रेस पार्टी के नेताओं के लिए मंडी संसदीय सीट पहली पसंद बनती जा रही है। दोनों दलों के नेता मंडी संसदीय सीट पर स्टार प्रचारकों की रैलियां कराना चाह रहे हैं। हाईकमान को भी इस बारे अवगत कराया गया है। भाजपा ने इस संसदीय सीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी की रैली कराने की इच्छा जाहिर की है। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी के बीच कांटे की टक्कर है। ऐसे में दोनों दल जीत के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रहे हैं।
वहीं, हमीरपुर और कांगड़ा संसदीय क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्षों को रैलियां प्रस्तावित हैं। बताया जा रहा है कि रैली में भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा चुनावी हुंकार भरेंगे जबकि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रैली को संबोधित करेंगे। शिमला संसदीय सीट केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम फिलहाल तय किया गया है। इसके अलावा अन्य स्टार प्रचारकों की भी सूची को भी फाइनल किया जा रहा है।
जेपी नड्डा की तीन रैलियां प्रस्तावित,
अमित शाह जुब्बल कोटखाई में करेंगे चुनावी रैली :- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की तीन रैलियां प्रस्तावित हैं। ये कांगड़ा के फतेहपुर, चंबा के चौगान और कुनिहार के अर्की में प्रस्तावित हैं। शिमला संसदीय क्षेत्र में भी वह जनसभा करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शिमला संसदीय क्षेत्र के जुब्बल कोटखाई में चुनावी रैली करेंगे। इनकी शिमला संसदीय क्षेत्र में रैली प्रस्तावित है जबकि भूतल एवं परिवहन मंत्रालय मंत्री नितिन गडकरी किन्नौर में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। हिमाचल भाजपा ने उनका मंडी संसदीय सीट के लिए रैली करने की हामी भरी है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल और स्मृति ईरानी की रैली व जनसभा को अभी फाइनल किया जा रहा है।




