कुल्लू अपडेट , कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की प्रस्तावित 29 मई की कुल्लू रैली के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव किमटा ने कहा कि प्रियंका गांधी की रैली को सफल बनाने के लिए रविवार को कुल्लू में कांग्रेस की बैठक हुई। बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं मंडी लोकसभा क्षेत्र के ऑब्जर्वर संजय दत्त की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर, मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सेसराम आजाद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रियंका गांधी की रैली को लेकर चर्चा की गई। संजय दत्त ने कहा कि आज जनता ने अपना मन बना लिया है और कांग्रेस के पक्ष में पूरी लहर है। इस दाैरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव प्रेम शर्मा, नवीन तनवर, देवेंद्र नेगी, जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष चुनेश्वर ठाकुर, मनाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरिचंद शर्मा, हेम सिंह, तेजा ठाकुर आदि मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं में प्रियंका की रैली को लेकर उत्साह है।




