हिमाचल न्यूज , हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव (Himachal By Elections Results 2024) का पहला नतीजा सामने आया है. यहां से भाजपा के प्रत्याशी राजिंदर राणा की हार हुई है. उन्हें कांग्रेस कैप्टन रणजीत सिंह ने मात दी है. राजिंदर राणा को बड़ा झटका लगा है. हालांकि, चुनाव आयोग की तरफ से आधिकारिक घोषणा होना बाकी है. जानकारी के अनुसार, सुजानपुर से कांग्रेस के कैप्टन रंजीत सिंह और भाजपा से राजिंदर राणा चुनावी मैदान में थे. दोनों ने ही पार्टियां बदली थी. कैप्टन पहले भाजपा में थे, जबकि राणा 2022 में कांग्रेस के विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे थे. लेकिन राज्यसभा चुनाव और बजट सत्र के दौरान हुए सियासी खेल में राजिंदर राणा की सदस्यता चली गई थी और वह भाजपा में शामिल हो गए थे.
सुजानपुर से राणा लगातार तीन बार चुनाव जीत रहे थे, लेकिन चौथे चुनाव में उनकी हार हुई है. सुजानपुर से आठ राउंड की वोटिंग में कैप्टन रंजीत सिंह को 28429, जबकि राजिंदर राणा को 26259 वोट मिले हैं. ऐसे में राजिंदर राणा को 2195 वोटों से हार का सामना करना पड़ा.
राजिंदर राणा सुजानपुर सीट से 2012 में आजाद चुनाव जीते थे. बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे. 2017 के चुनाव में राणा ने पूरे देश को चौंका दिया था और यहां पर भाजपा के विधानसभा चुनाव के लिए का चेहरा प्रेम कुमार धूमल को मात दी थी और चर्चा में आए थे. बाद में 2022 में फिर से राणा ने यहां से जीत हासिल की और भाजपा के कैप्टन रंजीत सिंह राणा को 400 वोटों से हराया था. लेकिन इस बार उपचुनाव के लिए दोनों प्रत्याशियों ने पार्टियां बदल ली थी. कैप्टन कांग्रेस में शामिल हो गए और राजिंदर राणा ने भाजपा का दामन थाम लिया.




