कुल्लू अपडेट,46वां सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव 2023 के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है | यह 46वां सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव 19 से 21 जून तक कुल्लू के ऐतिहासिक लाल चन्द प्रार्थी कलाकेन्द्र में प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक मनाया जायेगा, जिसमें लोकनृत्य, समूह नृत्य, प्रिंसेस सूत्रधार, लोकगीत व फिल्म गीत की प्रतियोगिता होगी तथा 19 व 20 जून को देवसदन में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा | इस त्रिदिवसीय उत्सव में 28 निजी व सरकारी विद्यालयों के 1000 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राएं अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे | इस उत्सव के प्रथम दिवस कलाकेन्द्र में पुलिस अधीक्षक कुल्लू साक्षी वर्मा, द्वितीय दिवस विधायक मनाली विधान सभा क्षेत्र भुवनेश्वर गौड़ तथा तृतीय दिवस मुख्य संसदीय सचिव हि०प्र० सुंदर सिंह ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे | इसी के साथ देवसदन कुल्लू में प्रथम दिवस पर नगर परिषद अध्यक्ष मनाली व नगर परिषदों के प्रदेश अध्यक्ष चमन कपूर तथा द्वितीय दिवस पर समाज सेवी, चेयरमैन ए०सी० सोहन कुल्लू सिटी एवं सुभाष इलेक्ट्रिकल कुल्लू सुभाष शर्मा बतौर मुख्यातिथि पधारेंगे | लाल चन्द्र प्रार्थी कलाकेन्द्र में आयोजित उत्सव के अवसर पर पंकज परमार अध्यक्ष जिला परिषद कुल्लू तथा गोपाल कृष्ण महंत अध्यक्ष नगर परिषद कुल्लू विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगें | संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने बतलाया कि सूत्रधार कला संगम कुल्लू की स्थापना जून 1977 में कुछ उत्साही युवाओं द्वारा कला, संस्कृति एवं सामाजिक गतिविधियों हेतु की गई थी | संस्था का पहला कार्यक्रम 21 जून 1977 को कलाकेंद्र कुल्लू में रेडक्रॉस सोसाईटी कुल्लू के सहयोग हेतु किया गया | इसी कड़ी में संस्था द्वारा सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव जोकि कुल्लू जनपद की युवा एवं बाल प्रतिभाओं को समर्पित है की शुरुआत संस्था के रजत जयंती वर्षगांठ उत्सव 2002 से शुरू हुई थी | संस्था द्वारा कुल्लू जनपद की युवा पीढ़ी जो अपनी संस्कृति से विमुख होती जा रही थी तथा दुर्व्यसनों में संलिप्त होती जा रही को अपनी संस्कृति से जोड़ने व उनकी युवा शक्ति का प्रयोग सृजनात्मक कार्यों में लगाने के उदेश्य से संस्था द्वारा इस तरह के सांस्कृतिक उत्सव आयोजन करने का निर्णय लिया गया तथा अपने उदेश्य के अनुरूप इस घाटी के बाल और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं की प्रतियोगिता हर साल आयोजित करती आ रही है | इस सांस्कृतिक प्रतियोगिता में आज इस घाटी के बजौरा से लेकर मनाली तक के निजी व सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन हर वर्ष करते आ रहे है | इस उत्सव के माध्यम से संस्था ने अबतक लगभग 20,000 से अधिक विद्यार्थियों को मंच प्रदान करवाया है | इस 46वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव को लेकर प्रतिभागी पाठशालाओं के प्रशिक्षुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है | इस त्रिदिवसीय उत्सव में संस्था के कलाकरों द्वारा भी विशेष प्रस्तुतियां दी जाएगी | यह उत्सव सभी कलाप्रेमियों व आम जनमानस के स्वस्थ मनोरंजन हेतु निशुल्क रहेगा |



