हिमाचल अपडेट , हमीरपुर शहर में शनिवार सुबह इनकम टैक्स और ईडी की संयुक्त रेड से हड़कंप मच गया। हमीरपुर के एक प्रमुख ज्वैलर्स और 2 शराब ठेकेदारों के अलग-अलग प्रतिष्ठानों व आवास पर इनकम टैक्स व ईडी के अधिकारी-कर्मचारी सुबह करीब साढ़े 5 बजे से दस्तावेज खंगाल रहे हैं। सुबह साढ़े 10 बजे एक ज्वैलर की दुकान के शटर खुल गए हैं। अब इसमें दोनों जांच एजैंसी के अधिकारी व कर्मचारी जांच कर रहे हैं। दुकानों के बाहर भी अधिकारी और सीआरपीएफ जवान मौजूद हैं। अभी दोनों जांच एजैंसी के अधिकारी-कर्मचारी ज्वैलरी और शराब कारोबारी के घर पर रेड कर रहे हैं। शराब कारोबारी के पक्का भरो और बोहणी इलाके में आवास पर रेड जारी है। इनके घर के बाहर सीआरपीएफ जवानों का पहरा है।
उधर, हमीरपुर के ही नादौन शहर में भी एक हार्डवेयर कारोबारी के घर पर भी रेड की सूचना है। सूत्रों की मानें तो संपत्ति से जुड़ी हुई जानकारी को लेकर ही यह रेड पड़ी है। यह मामला आयकर के भुगतान से जुड़ा लग रहा है। पीबी नंबर की डेढ़ दर्जन के करीब गाड़ियां सुबह सवा 5 बजे के बाद शहर में पहुंच गईं थीं। इसके बाद हमीरपुर शहर में खासकर व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया। लोग फोन करके इधर-उधर पूछने लगे, क्योंकि जांच एजैंसी के लोग कुछ भी बताने से गुरेज कर रहे हैं। बता दें कि पिछले दिनों एक वीडियो भी लेनदेन के मामले को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा था। इसमें 5 करोड़ के लेनदेन की बात कही गई थी। उसके साथ भी इस रेड को जोड़ा जा रहा है।




