कुल्लू अपडेट , मणिकर्ण घाटी के डढेई गांव में सोमवार को देव सुन नारायण के नवनिर्मित मंदिर की प्रतिष्ठा हुई। धार्मिक आयोजन में सैकड़ाें की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। प्रतिष्ठा में सैंज के बनाउगी के देवता कशु नारायण भी विशेष रूप से शामिल हुए। कशु नारायण प्रतिष्ठा के लिए करीब एक सप्ताह पहले ही अपने देवालय से निकले थे।मंदिर प्रतिष्ठा की तैयारियां कारकूनों ने रविवार को ही पूरी कर दी थीं। सोमवार सुबह प्रतिष्ठा के दौरान सभी देव परंपराओं का निर्वहन किया गया। प्रतिष्ठा के दौरान ढोल नगाड़ाें की स्वरलहरियों से सारा माहौल गूंज उठा। प्रतिष्ठा को लेकर हारियानों में खुशी का माहौल देखने को मिला। दिनभर यहां पर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। इस अवसर पर भगवान रघुनाथ जी के कारदार दानवेंद्र सिंह ने भी शिरकत की और सभी देवी देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।







