कुल्लू अपडेट ,नगर परिषद कुल्लू की ओर से ढालपुर और आसपास के क्षेत्र से हटाए गए रेहड़ी-फड़ी धारकों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। गुस्साए रेहड़ी-फड़ी धारक दोपहर नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। यहां सीटू यूनियन की अगुवाई में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासन और नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। रोजी रोटी छिन जाने के बाद रेहड़ी फड़ी धारकों में रोष नजर आया। सीटू नेता प्रेम गौतम ने कहा कि कुल्लू शहर में करीब 40 से अधिक रेहड़ी फड़ी धारक सामान बेचकर अपना रोजगार चलाते थे। इन्हें बेरोजगार कर दिया गया है। जिला प्रशासन के निर्देशों पर यह कार्रवाई की गई है। शहर के सौंदर्यीकरण के नाम पर प्रशासन गरीबों पर अत्याचार कर रहा है। सीटू के जिला महासचिव राजेश ठाकुर ने कहा कि नगर परिषद की ओर से रेहड़ी-फड़ी धारकों को हटाने के लिए हाउस में कोई निर्णय नहीं लिया था। प्रशासन के निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई। अब रोजी रोटी का संकट गहरा गया है। कहा कि वेंडर एक्ट के तहत सामान बेचना उनका सांविधानिक अधिकार है। अगर उनकी बात नहीं मानी तो उपायुक्त कार्यालय का घेराव करने से पीछे नहीं हटा जाएगा। इस दौरान होतम सौंखला आदि मौजूद रहे




