कुल्लू अपडेट ,सैंज घाटी की भलाण-दो पंचायत में लोग पेयजल के लिए भटकने को मजबूर हो गए हैं। इस पंचायत के कई गांवों में पेयजल की आपूर्ति करने वाली लाइनें एक माह से सूखी हैं। हालात ये हैं कि ग्रामीण नाले से पानी ढोने के लिए मजबूर हैं। जबकि कई लोग गाड़ियों में पांच से सात किलोमीटर दूर से पानी ढो रहे हैं। ग्रामीण तुलसी राम, धनी राम, चमन लाल, खेबा राम, खीमी राम और देवता थान युवा मंडल रउनाल के प्रधान बली राम ने बताया कि बडीधार, कंडी, रउनाल, डोभा ,जौली , धेउगी ,भलाण , खमार्डा और काउर गांवों के नलों में एक माह से पानी नहीं आ रहा है। विभाग के अधिकारियों को कई बार इसकी सूचना दी गई लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। पेयजल स्रोतों में पर्याप्त पानी होने के बावजूद इन गांवों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। लोग पशुओं को पानी पिलाने के लिए नाले में ले जाते हैं और अपने लिए भी वहीं से पानी भरकर लाने को मजबूर हैं। काउर गांव के लिए लोग सात किमी दूर से जीप में पानी भरकर ढोने को विवश हैं। इस क्षेत्र में विभाग के फिटर के सेवानिवृत्त होने के बाद किसी की नियुक्ति नहीं हुई है। जिससे हालात ज्यादा खराब हो गए हैं। ग्रामीणों ने विभाग से समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है।




