हिमाचल अपडेट , जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का राज्यस्तरीय पोरी मेला 16 से 18 अगस्त तक त्रिलोकनाथ में मनाया जाएगा। तीन दिवसीय पोरी मेले के सफल आयोजन और आवश्यक प्रबंधों को लेकर विधायक अनुराधा राणा ने शुक्रवार को मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष व उप समितियां के समन्वयकों के साथ उदयपुर में समीक्षा बैठक की। विधायक ने कहा कि राज्य स्तरीय पोरी मेला लाहौल-स्पीति के हिंदू और बौद्ध धर्म के अनुयायियों की अनूठी संस्कृति का परिचायक व आस्था का केंद्र है। बैठक में उन्होंने स्वच्छता को लेकर विशेष फोकस रखा और संबंधित अधिकारियों को भी विशेष प्राथमिकता रखने के लिए निर्देश जारी किए। एसडीएम एवं अध्यक्ष राज्यस्तरीय पोरी मेला समिति केशव राम ने बैठक में विधायक को मेले के सफल आयोजन को लेकर किए गए आवश्यक प्रबंधों के बारे में जानकारी दी। एसडीएम ने बताया कि तीन दिवसीय राज्यस्तरीय पोरी मेले का आगाज शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। मेले के दौरान कलाकारों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस मौके खेलकूद प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। एसडीएम केशव राम ने बताया कि इसके अतिरिक्त बेबी शो, हिमालयन क्वीन व हिमालयन प्रिंसेस प्रतियोगिता, डॉग शो, वालीबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, बैडिमंटन, मैराथन दौड़ मुख्य आकर्षण रहेंगे।





