कुल्लू अपडेट ,जिला कुल्लू के पतलीकुहल में 15 मील में पुलिस की टीम ने युवती पार्सियल के शव मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस की टीम अब इस बात का पता लग रही है कि दो युवकों के साथ कहीं कोई और आरोपी तो शामिल नहीं था। इसके अलावा युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए नेरचोक मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद पता चल पाएगा कि आखिर युवती की मौत किन कारणों के चलते हुई। वही, बताया जा रहा है कि पहले इन सभी ने मिलकर किसी नशे का भी सेवन किया था। लेकिन पुलिस ने फिलहाल इस मामले में कुछ नही कहा हैं। एस पी कुल्लू डॉक्टर गोकुल चंद्र कार्तिकेयन ने जानकारी देते हुए कहा कि सात अगस्त को युवती अपने दोस्तों के साथ मिलने के लिए निकली थी। लेकिन वो घर वापिस नहीं लौटी। युवती के पिता ने पुलिस थाना मनाली में इसकी शिकायत की थी। मंगलवार सुबह पुलिस ने 15 मील के समीप ब्यास नदी में युवती का शव बरामद किया। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती अपने दो दोस्तों निशांत निवासी बड़ाग्रां जिला कुल्लू और अर्चित निवासी पंडोह जिला मंडी के साथ रही। वह शनाग के समीप एक होटल मे ठहरे। जहां युवती की मौत हो गई। युवकों ने इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे 15 मील के समीप नदी में फेंक दिया। युवती की आईडी और मोबाइल फोन भी बरामद हो गई है। दोनों युवकों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि युवती कि मौत कैसे हुई यह फिलहाल नहीं कहा जा सकता। उसकी मौत नदी में फेंकने से पहले हुई थी या नदी मे फेंकने के बाद। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।




