Sanchar Saathi मोबाइल ऐप लॉन्च हो गया है। इस ऐप का फायदा देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स को मिलेगा। इस ऐप के जरिए यूजर्स अपने फोन से ही फर्जी कॉल्स और मैसेज आदि को रिपोर्ट कर सकेंगे।
DoT ने फर्जी कॉल और मैसेज को रिपोर्ट करने के लिए संचार साथी मोबाइल ऐप लॉन्च कर दिया है। केन्द्रीय संचार और नॉर्थ-ईस्ट विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दूरसंचार विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस मोबाइल ऐप को लॉन्च किया है। इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री ने नेशनल ब्रॉडबैंड मिशन 2.0 भी लॉन्च कर दिया है, जिसमें देश के हर गावं तक फाइबर ब्रॉडबैंड सर्विस पहुंचाई जाएगी।
संचार साथी पोर्टल का फायदा देश के 120 करोड़ मोबाइल यूजर्स को होगा। मोबाइल यूजर्स अपने स्मार्टफोन से ही फर्जी कॉल्स और मैसेज को रिपोर्ट कर सकेंगे। संचार साथी पोर्टल को सरकार ने 2023 में लॉन्च किया था। इस पोर्टल के जरिए फर्जी कॉल्स और मैसेज को रिपोर्ट करने के साथ-साथ खोए हुए मोबाइल फोन का IMEI ब्लॉक करने और अपने आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर की जांच की जा सकती है। यूजर्स को अब ये सभी सुविधा मोबाइल ऐप के जरिए मिलेगा।
कहां से करें डाउनलोड?
Sanchar Saathi मोबाइल ऐप को आप संचार साथी वेबसाइट पर मौजूद QR कोड को स्कैन करके अपने स्मार्टफोन में डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा आप गूगल प्ले स्टोर या फिर एप्पल ऐप स्टोर से इस ऐप को सर्च करके डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप डाउनलोड करने के बाद आप अपने मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करके इसमें लॉग-इन करें और इसकी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।




