कुल्लू अपडेट,भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि गौसंरक्षण और गौसेवा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बुधवार को गोविंद सिंह ठाकुर ने रांगड़ी गौसदन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि नगर परिषद मनाली इस गौसदन का बेहतर संचालन कर रही है और गौवंश के लिए आवश्यक मात्रा में चारे की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता के सहयोग से गौसदन में छोटी-छोटी मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा ताकि यहां रह रहे गौवंश को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा की सरकार ने अपने कार्यकाल में गौसंरक्षण को प्राथमिकता दी थी और प्रदेशभर में गौसदनों की स्थापना एवं संचालन के लिए अनेक योजनाएं लागू की थीं। लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाने में विफल रही है, जिसके कारण प्रदेश के कई गौसदनों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिला के गौसदनों की स्थिति को सुधारने के लिए ठोस नीति बनाई जाए और इनके संचालन के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाए।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय जनता गौवंश की देखभाल के लिए सदैव तत्पर हैं और रांगड़ी गौसदन को एक आदर्श गौ संरक्षण केंद्र बनाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।इस अवसर पर नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष मनोज लार्जे, पार्षद चंद्रा पदान,कल्पना ठाकुर, नसोगी पंचायत के प्रधान दिलेराम, शालीण पंचायत के उपप्रधान रत्न ठाकुर, सियाली महादेव के कारदार जयचंद, भाजपा मनाली मंडल के उपाध्यक्ष मुकेश ठाकुर सहित भाजपा के अन्य बरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





